रांची (RANCHI): छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है. ऐसे में झारखंड से लेकर बिहार तक बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. ऐसे में पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी के बीच गन्ने की मांग भी तेज हो गई है. छठ पूजा में गन्ने का विशेष महत्व होता है. अर्घ्य के दौरान सूप में गन्ना रखना शुभ माना जाता है. वहीं, खरना का प्रसाद गन्ने के रस में बनाने की परंपरा के कारण भी इसकी मांग बढ़ जाती है. हालांकि, इस बार गन्ने की बढ़ती कीमतों ने व्रतियों का बजट बिगाड़ दिया है. बाजार में स्थानीय गन्ना 220 रुपये कोरी यानी 20 गन्ने के हिसाब से बिक रहा है. वहीं, झारखंड से मंगाए गए गन्ने की कीमत 400 रुपये कोरी तक पहुंच गई है. कीमतों में इस अंतर का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है.
बाहर से मंगानी पड़ रही खेप
गन्ना बेचने वाले विक्रेताओं के मुताबिक, इस बार स्थानीय स्तर पर गन्ने की आवक काफी कम है. पहले आसपास के गांवों से ही बाजार की जरूरत के मुताबिक गन्ना उपलब्ध हो जाता था. लेकिन इस बार जिले में नूरसराय प्रखंड के यमुनापुर में ही गन्ने की खेती हो रही है. ऐसे में मांग पूरी करने के लिए झारखंड से गन्ना मंगाना पड़ रहा है. विक्रेताओं का कहना है कि झारखंड से गन्ना लाने में ट्रक का भाड़ा, मजदूरी और रास्ते का खर्च जुड़ जाता है. इससे प्रति कोरी करीब 150 से 180 रुपये तक अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है. इसी वजह से बाहर से आने वाला गन्ना महंगा बिक रहा है.
बड़े और लंबे गन्ने की ज्यादा मांग
स्थानीय किसानों के गन्ने भले ही पतले और छोटे हैं, लेकिन वे ताजे हैं. दूसरी ओर, झारखंड से आने वाले गन्ने लंबे, मोटे और देखने में आकर्षक हैं. छठ पूजा में सूप को बड़े और सुंदर गन्नों से सजाने की परंपरा के कारण लोग इन्हें ज्यादा पसंद कर रहे हैं. यही वजह है कि कीमत अधिक होने के बावजूद झारखंड से आने वाले गन्ने की मांग बनी हुई है. फिलहाल समस्या यह की गन्ने महंगे होने के बाद भी व्रती गन्ने खरीद रहे है.
