रांची : छठ महापर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रांची पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. वहीं, भारी और छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश को लेकर भी अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है. छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट प्लान तैयार किया है. रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है.
कब और कितने समय तक बंद रहेगा भारी वाहनों का प्रवेश
यातायात पुलिस कार्यालय से जारी निर्देश के मुताबिक, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि, ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इसके अलावा 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश और परिचालन पर भी रोक रहेगी.
इन प्रमुख सड़कों पर नहीं चलेंगे वाहन
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक कई मार्गों को वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा. इनमें चांदनी चौक कांके से राम मंदिर तक दोनों ओर का रास्ता शामिल है. इसके अलावा फिरायालाल से चडरी तालाब जाने वाली सड़क और जेल चौक से फिरायालाल की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी.
इसी तरह कचहरी चौक से राजभवन, सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम और ओढ़नू बाबा आश्रम से बड़ा तालाब जाने वाले रास्तों पर भी सभी तरह के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. जैन मंदिर एवं महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क और लक्ष्मीनारायण मंदिर से ओढ़नू बाबा आश्रम तक के मार्ग पर भी रोक रहेगी. वहीं, जुडिशियल अकादमी और सिठियो बस्ती स्थित अंजली होटल से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी वाहन नहीं चल सकेंगे.
शहर में 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं को वाहन खड़ा करने में परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग के लिए 13 स्थान निर्धारित किए हैं. हटिया तालाब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रणधीर वर्मा चौक से आने वाले रास्ते पर नगर निगम पार्क के सामने, एसएसपी आवास चौक के पास और जाविक ग्रीन पार्क से आने वाले मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं, कांके डैम जाने वाले रास्ते पर सीएमपीडीआई चौक, गांधीनगर और रॉक गार्डन में वाहन पार्क किए जा सकेंगे. शालीमार बाजार से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शालीमार बाजार और शहीद मैदान से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शहीद मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है.
इसके अलावा जेल चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समीप, लालपुर यातायात थाना के पास, सजना चौक और फिरायालाल के बीच बने पार्किंग स्थल पर भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे. चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले रास्ते पर सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में, धुर्वा तालाब और चुटिया में सड़क किनारे भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे और देवेंद्र मांझी चौक के पास निवारणपुर में भी श्रद्धालु अपने वाहन पार्क कर सकेंगे.
जरूरत के अनुसार बदले जा सकते हैं दूसरे रूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जा सकता है. कुछ रास्तों पर अस्थायी रूप से परिचालन बंद भी किया जा सकता है. इसका मकसद छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाना और शहर को जाम से बचाना है.
