☰
Jharkhand

डिजिटल होगी जनगणना-2027, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): देश की जनगणना-2027 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी. इसके लिए प्रगणक मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए घर-घर पहुंचेंगे और परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी निर्धारित जानकारी दर्ज करेंगे. रांची जिले में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का काम किया जाएगा. खास बात यह है कि इस बार जनगणना में जाति संबंधी जानकारी भी जुटाई जाएगी. आम लोगों को भी अपनी जानकारी खुद दर्ज करने का विकल्प मिलेगा. इसके लिए 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी. यानी नागरिक तय समय के भीतर ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे.

जनगणना कर्मियों को दिए गए जरूरी निर्देश

दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में 30 और 31 अक्टूबर को समाहरणालय सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जिला, अनुमंडल, शहरी और चार्ज स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया समझाई गई. केंद्रीय प्रशिक्षक दल ने मोबाइल एप के इस्तेमाल, डिजिटल डाटा एंट्री और घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के तरीकों की जानकारी दी.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें. फील्ड में काम शुरू होने से पहले तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझ लें, ताकि आंकड़े जुटाने के दौरान कोई परेशानी न हो. उन्होंने समय-सीमा के भीतर सही और त्रुटिरहित जानकारी जुटाने पर जोर दिया.

उम्र, शिक्षा से लेकर जाति तक की जानकारी होगी दर्ज

जनगणना के दूसरे चरण में लोगों से कई तरह की जानकारियां ली जाएंगी. इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, साक्षरता, रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और प्रवासन से जुड़ा विवरण शामिल होगा. इसके अलावा प्रजनन, धर्म, भाषा, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित निर्धारित जानकारी भी दर्ज की जाएगी. मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिवार के पास मौजूद संपत्तियों का ब्योरा भी जुटाया जाएगा.

पहला चरण पूरा, अब जनसंख्या गणना की बारी

रांची जिले में जनगणना का पहला चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम पूरा हो चुका है. अब दूसरे चरण में घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी. इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती होगी. जिला प्रशासन ने सभी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कवरेज और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्य की भविष्य की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही जानकारी दें और इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें.

जनगणना को लेकर प्रशासन के मुख्य निर्देश:

-प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप से जानकारी दर्ज करेंगे.

नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना कर सकेंगे.

-सभी परिवारों और व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जाएगी.

-जाति, धर्म, शिक्षा, रोजगार और प्रवासन से जुड़े निर्धारित सवाल पूछे जाएंगे.

-नागरिक सही जानकारी दें और गणना कार्य में सहयोग करें.