CAREER

JSSC 2026: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा की नई तारीख घोषित, अब 19 जुलाई को होगी परीक्षा

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. जिसके तहत झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 की तिथि में बदलाव करते हुए नई परीक्षा तिथि जारी की है. आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले यह परीक्षा 5 जुलाई को आयोजित होनी थी, लेकिन कुछ  कारणों से अब इसका आयोजन 19 जुलाई 2025 को किया जाएगा. आयोग ने अभ्यर्थियों को नई तिथि के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखने की सलाह दी है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा से संबंधित प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से एक सप्ताह पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. डाक या किसी अन्य माध्यम से प्रवेश पत्र भेजने की कोई व्यवस्था नहीं होगी.

आयोग ने परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है. अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधन या कदाचार का सहारा न लें. यदि कोई उम्मीदवार परीक्षा में गड़बड़ी या नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आयोग ने सभी उम्मीदवारों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की अपील की है.

इस बीच आयोग ने झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता नियुक्ति परीक्षा के 89,356 अपूर्ण आवेदन भी रद्द कर दिए हैं. आयोग ने ऐसे सभी अभ्यर्थियों के पंजीयन नंबरों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है. उल्लेखनीय है कि इस भर्ती परीक्षा के लिए 1 अगस्त 2024 से 8 सितंबर 2024 की मध्यरात्रि तक आवेदन लिए गए थे. आवेदन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने अधूरी जानकारी या आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए थे, जिसके कारण उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए. आयोग ने अभ्यर्थियों से भविष्य में आवेदन करते समय सभी निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने की अपील की है.