CAREER

B.ed औरM.ed अभ्यर्थियों के लिए अहम सूचना, जारी हुई आंसर की

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

RANCHI: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने बीएड, एमएड और बीपीएड प्रवेश परीक्षा 2026 की उत्तर कुंजी जारी कर दी है. यह परीक्षा 31 मई को आयोजित हुई थी. परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रश्नों के सही उत्तर देख सकते हैं और अपने संभावित अंकों का अंदाजा लगा सकते हैं.

पर्षद ने परीक्षा के सभी चार सेटों की उत्तर कुंजी वेबसाइट के डाउनलोड सेक्शन में उपलब्ध करा दी है. छात्र अपने प्रश्न पत्र के सेट के अनुसार उत्तरों का मिलान कर सकते हैं. इससे उन्हें रिजल्ट आने से पहले अपने प्रदर्शन का अनुमान लगाने में मदद मिलेगी.

अगर किसी छात्र को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो उसे अपनी बात रखने का मौका भी दिया गया है. इसके लिए छात्र को संबंधित प्रश्न संख्या, प्रश्न पत्र का सेट और अपने दावे के समर्थन में जरूरी प्रमाण जमा करना होगा.

पर्षद के अनुसार, आपत्तियां 8 जून की शाम 5 बजे तक स्वीकार की जाएंगी. छात्र अपने दस्तावेज और प्रमाण स्कैन करके पर्षद की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेज सकते हैं. इसके अलावा, वे चाहें तो अपनी आपत्ति और जरूरी कागजात सीधे पर्षद कार्यालय में जाकर भी जमा कर सकते हैं.

पर्षद ने साफ कहा है कि तय समय के बाद भेजी गई किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा. इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द उत्तर कुंजी की जांच करें और अगर किसी उत्तर को लेकर कोई शिकायत है तो समय रहते उसे दर्ज कराएं.

सभी आपत्तियों की जांच के बाद पर्षद अंतिम उत्तर कुंजी जारी करेगा. इसके आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा. ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए यह प्रक्रिया काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.