टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के जमशेदपुर में सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी स्थित मरीन ड्राइव पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की मौत हो गई. मृतकों में अधिवक्ता चेतन अग्रवाल के बेटे सार्थक अग्रवाल, व्यापारी अमन गुप्ता के पुत्र नमन गुप्ता, व्यवसायी पंकज खंडेलवाल की बेटी वंशिका खंडेलवाल और झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा पांडे सिंह शामिल हैं. सभी कार्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं थे.
जानकारी के अनुसार, हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर हुआ. बताया जा रहा है कि चारों छात्र-छात्राएं रात में बाहर निकले थे और इसके बाद मरीन ड्राइव की ओर गए थे. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करदी गई है.
मंत्री की बेटी भी हादसे का शिकार
मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा पांडे सिंह भी शामिल हैं. बताया गया है कि मंत्री के पति नौकरी के सिलसिले में जमशेदपुर में रहते हैं और तृषा उनके साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले चारों छात्र-छात्राओं के एक साथ बाहर जाने की बात सामने आई है. कुछ जानकारी में उनके रेस्तरां जाने और बाद में मरीन ड्राइव पहुंचने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और घटनाक्रम की पूरी जानकारी अभी सामने आना बाकी है.
मरीन ड्राइव पर कैसे हुआ हादसा?
दोमुहानी स्थित मरीन ड्राइव पर हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है. दुर्घटना के कारणों और वाहन की स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
एक साथ पढ़ते थे चारों
हादसे में जान गंवाने वाले चारों छात्र-छात्राएं कार्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ते थे. एक साथ पढ़ने वाले चार युवाओं की मौत की खबर से स्कूल और उनके परिवारों में शोक की लहर है. मृतकों के परिवार शहर के जाने-पहचाने परिवारों से जुड़े बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हादसे की वास्तविक वजह और घटना से पहले चारों छात्र-छात्राओं की गतिविधियों के बारे में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
