Jharkhand

BREAKING: रांची में मंदिर के गेट पर फंदे से झूल कर युवक ने दे दी जान, इलाके में फैली सनसनी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित हिनू इलाके से रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. हिनू स्थित सब-रजिस्ट्री कार्यालय के सामने बने हनुमान मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय स्थानीय लोगों की नजर मंदिर के लोहे के गेट पर पड़ी, जहां एक युवक फंदे के सहारे झूलता दिखाई दिया. यह दृश्य देखते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. घटना की सूचना तुरंत डोरंडा थाना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया. जांच के दौरान मृतक की पहचान लोअर हिनू निवासी सोनू कुमार, पिता रमेश लोहरा, के रूप में की गई. पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.