Jharkhand

BREAKING: रांची समेत झारखंड के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची समेत झारखंड के सभी पासपोर्ट सेवा केंद्रों और पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं. धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. रांची के गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियों ने पहुंचकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई.

जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद स्थानीय पुलिस को तत्काल सूचना दी गई. इसके बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने मॉल में मौजूद दुकानों, कार्यालयों और अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके. प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं. एहतियात के तौर पर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और आने-जाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भेजने वाले ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. ई-मेल की पूरी जानकारी साइबर सेल को सौंप दी गई है, जो यह पता लगाने में जुटी है कि यह संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. इससे पहले भी देश के विभिन्न पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं. उन मामलों में जांच के बाद कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था. फिलहाल रांची समेत झारखंड के सभी पासपोर्ट कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है.