रांची (RANCHI): राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं. कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया. अपराधियों ने प्रेम नगर निवासी संजय करमाली के आवास पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग सहम गए. घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने संजय करमाली के घर पर पहुंचकर फायरिंग की. हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. शुरुआती जानकारी में इस घटना के पीछे राहुल दुबे गिरोह का संदेह जताया जा रहा है. इधर घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर गोलीबारी से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और उन्होंने किस वजह से संजय करमाली के घर को निशाना बनाया. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इस घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
