रांची (RANCHI): JPSC-JSSC की कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और सरकार के बीच करीब 7 घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद भी बात नहीं बन सकी. सरकार और छात्रों के बीच हुई वार्ता विफल रही, जिसके बाद छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है. बैठक में सरकार की ओर से JSSC CGL परीक्षा की जांच CID से कराने का आश्वासन दिया गया. वहीं, परीक्षा की जांच एक रिटायर्ड जज से कराने की बात भी सामने आई है. छात्रों की मांगों और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार ने जांच का भरोसा दिया है.
वहीं, 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने के मुद्दे पर भी सहमति बनने की बात कही जा रही है. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला लेने से पहले शिक्षा जगत से जुड़े कई विशेषज्ञों और अन्य लोगों से चर्चा की जाएगी. इसके बाद ही परीक्षा रद्द करने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. इन आश्वासनों के बावजूद छात्र पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुए. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर ठोस और स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. छात्रों ने अब 10 अगस्त को विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है. छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
