Jharkhand

बड़ी खबर: रिम्स के पीजी डॉक्टर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

Varsha Varma CE
Copy Editor
बड़ी खबर: रिम्स के पीजी डॉक्टर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

रांची(RANCHI): राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में सर्जरी विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की मौत हो गई. इस घटना के बाद रिम्स परिसर, चिकित्सा समुदाय और स्वास्थ्य विभाग में शोक का माहौल है.

जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय डॉ. सानु सनल बरवार का शव रांची के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.

डॉ. सानु सनल बरवार रिम्स के सर्जरी विभाग में पीजी प्रथम वर्ष के छात्र थे और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने में जुटे हुए थे. रिम्स प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है और पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है.

मृतक का परिवार भी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. डॉ. सानु सनल बरवार झारखंड स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर के पुत्र थे. परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है.

गौरतलब है कि हाल के दिनों में रिम्स में यह दूसरी ऐसी दुखद घटना है जिसने सभी को चिंता में डाल दिया है. इससे पहले 16 मई को रिम्स के एक एमबीबीएस छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला था. उस घटना के बाद भी छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और संस्थान के वातावरण को लेकर चर्चा तेज हो गई थी.

अब एक बार फिर सामने आई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या छात्रों पर बढ़ता शैक्षणिक दबाव, मानसिक तनाव के कारण इन घटनाओं के पीछे है,

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.