रांची (RANCHI): राजधानी रांची के हिनू इलाके में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित HDFC बैंक की इमारत के ऊपरी हिस्से में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. आग से निकलने वाले काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
घटना के दौरान बैंक भवन के ऊपरी हिस्से से धुआं और आग की लपटें निकलती देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है. दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटी है.
