Jharkhand

BREAKING: रांची पुलिस में बड़ा फेरबदल: धुर्वा और अरगोड़ा थाने को मिले नए थानेदार, SSP ने जारी किया आदेश

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. रांची एसएसपी ने पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए दो प्रमुख थानों के प्रभारी बदल दिए हैं. इस संबंध में एसएसपी कार्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है.

जारी आदेश के मुताबिक, अनिल तिवारी को धुर्वा थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि सतीश कुमार गोराई को अरगोड़ा थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है. दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने पदों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है.

दरअसल, धुर्वा थाना प्रभारी का पद पिछले कुछ दिनों से खाली पड़ा था. हाल ही में एक आत्महत्या मामले में लापरवाही के आरोपों के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी को लाइन क्लोज कर दिया गया था. इसके बाद से धुर्वा थाना बिना स्थायी प्रभारी के संचालित हो रहा था. अब अनिल तिवारी की नियुक्ति के साथ इस महत्वपूर्ण थाने को नया नेतृत्व मिल गया है.

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नए प्रभारियों की नियुक्ति से दोनों थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा. खासकर धुर्वा और अरगोड़ा जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम जनता की शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. रांची पुलिस की इस प्रशासनिक कवायद को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.