Jharkhand

BREAKING: RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने वाले आरोपी का पुलिस मुठभेड़ में हाफ एनकाउंटर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, आरोपी को पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार कर पुलिस हाजत में रखा गया था. गुरुवार दोपहर वह किसी तरह पुलिस हिरासत से भाग निकला. आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया और मांडर क्षेत्र तक पहुंच गई. पुलिस के मुताबिक, जब उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

गौरतलब है कि यह मामला मंगलवार रात का है, जब बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय को निशाना बनाते हुए जलता हुआ पेट्रोल बम फेंका था. घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. संवेदनशील मामले को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया.

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद मिलीं. तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रांची से भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया था. अब हाजत से फरार होने और मुठभेड़ की घटना के बाद यह मामला और भी गंभीर हो गया है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और हमले के पीछे की मंशा की जांच में जुटी हुई है.