रांची(RANCHI): झारखंड में प्रदेश भाजपा जेएसएसी और जेपीएससी में कथित गड़बड़ी का आरोप लगा कर सरकार को घेरने में लगी है. एक तरफ जहां भाजपा युवा मोर्चा ने JPSC कार्यालय का घेराव किया तो दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया. कांग्रेस कार्यालय का घेराव प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में किया गया. जिसमें नेता प्रतिपक्ष समेत कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई.इस दौरान जैसे ही भाजपा नेता कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे. दूसरी तरफ से कांग्रेस कार्यकर्ता भी नारेबाजी करने लगे. दोनों ओर से घंटों नोक झोंक होती रही. घंटों हुए हंगामे के बाद पुलिस पदाधिकारियों ने वहां से भाजपा कार्यकर्ताओं को वापस भेजा. इस दौरान भाजपा नेताओं ने जमकर हमला बोला है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पिछले छह वर्षों से झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है. इस दौरान हुई लगभग हर बड़ी भर्ती परीक्षा पर सवाल उठे हैं. JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती, शिक्षक नियुक्ति समेत कई परीक्षाओं में अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के आरोप लगे, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी इस मुद्दे पर चुप हैं.
उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं ने कड़ी मेहनत कर परीक्षाएँ दीं, लेकिन बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है. उन्होंने सवाल किया कि जब हर बार प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें आती हैं, तो इसके पीछे कौन लोग हैं और कांग्रेस इस पर जवाब क्यों नहीं देती.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग किया कि 14वीं JPSC परीक्षा सहित सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि CBI जांच से सच्चाई सामने आएगी और यह पता चलेगा कि प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों के पीछे कौन लोग शामिल हैं. उन्होंने पूछा कि आखिर सरकार CBI जांच कराने से क्यों बच रही है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड की कांग्रेस-समर्थित हेमंत सोरेन सरकार ने JPSC और JSSC जैसी भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है. पेपर लीक, भर्ती में अनियमितता और घोटालों ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है.
उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है. आज का घेराव केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं के आक्रोश की आवाज है. जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा.
उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC मामले में चल रही CID जांच केवल दिखावा है. जैसे शराब घोटाले में बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हुई, उसी तरह JPSC मामले में भी असली दोषियों को बचाने का खेल चल रहा है. उन्होंने कहा कि इस घोटाले का असली मास्टरमाइंड मुख्यमंत्री आवास में बैठा है, इसलिए जांच को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है.
