☰
Jharkhand

2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य, BJP ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(Ranchi): भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन और पार्टी की आगामी रणनीति के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य 2029 में हर हाल में झारखंड में फिर से सरकार बनाना है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया है.

शहीदों को नमन कर कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

भानु प्रताप शाही ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के संबोधन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया. उन्होंने सबसे पहले झारखंड के वीर शहीदों और यहां की धरती को नमन किया. इसके बाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया. आयोजन में हुई देरी का जिक्र करते हुए उन्होंने भविष्य में ऐसी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात भी कही.

हेमंत सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी

भानु प्रताप शाही के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संघर्ष को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया. शाही ने कहा कि झारखंड में भाजपा की मजबूत संगठनात्मक जड़ें हैं और पार्टी एक बार फिर राज्य में भगवा लहराने के लिए काम करेगी.

केंद्र सरकार के कामकाज का किया जिक्र

शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड को केंद्र से कितनी राशि मिली है, यह किसी से छिपा नहीं है. उन्होंने केंद्र सरकार के प्रयासों से राज्य में नक्सलवाद पर नियंत्रण और नक्सल मुक्त झारखंड की दिशा में हुई प्रगति का भी जिक्र किया. साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई और एमएमडीआर कानून से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया.

छात्र आंदोलन और 2029 के चुनाव पर जोर

छात्र आंदोलन के मुद्दे पर उन्होंने प्रदेश भाजपा के समर्थन की सराहना की और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों को धन्यवाद दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता विदेशी टूलकिट की तरह काम कर रहे हैं. शाही ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के साथ खड़ा है. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी जनता के बीच अपनी बात पहुंचाकर 2029 में झारखंड में सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी.