☰
Jharkhand

निशा भगत की मौत पर भाजपा का प्रदर्शन, रांची के 19 मंडलों में फूंका जाएगा CM हेमंत सोरेन का पुतला

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. भाजपा रांची महानगर की ओर से आज यानी शनिवार को शहर के सभी 19 सांगठनिक मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया है. यह कार्यक्रम शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा. भाजपा ने निशा भगत की मौत की निष्पक्ष जांच कराने और मामले में दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

19 मंडलों में होगा पुतला दहन

भाजपा का आरोप है कि निशा भगत ने फेसबुक लाइव के दौरान अपने साथ हुई कथित प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. पार्टी का कहना है कि इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. इसी मांग को लेकर रांची महानगर के सभी 19 मंडलों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. भाजपा ने प्रदेश के पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं से भी अपने-अपने मंडलों में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है.

गुमला पहुंचा निशा भगत का पार्थिव शरीर, पिता ने मांगी CBI जांच

इधर, निशा भगत का पार्थिव शरीर गुमला पहुंच गया है. उनकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. निशा के पिता ने पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि बेटी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो.

बाबूलाल मरांडी ने परिजनों से की मुलाकात

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी गुमला पहुंचे और निशा भगत के पिता तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर सवाल उठाए और मामले की CBI जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि निशा भगत की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. निशा की मौत को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी न्याय की मांग तेज हो गई है.