रांची (RANCHI): भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन के बाद विधायक नीरा यादव ने मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर कई सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा ने झारखंड राज्य बनाया है और अब इसे संवारने की जिम्मेदारी भी पार्टी निभाएगी. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन मिला और दो राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए.
मोदी सरकार के कामों को बताया ऐतिहासिक
नीरा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल में हुए कामों के लिए पार्टी ने आभार जताया है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रहित को सबसे ऊपर रखकर कई बड़े फैसले लिए हैं. स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण को उन्होंने देश के लिए गर्व की बात बताया. उनके मुताबिक, पहले सैनिकों के साथ होने वाली घटनाएं देश के लिए चिंता का विषय थीं, जबकि आज रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस मनाने का फैसला आदिवासी समाज के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है. उन्होंने दावा किया कि कोरोना महामारी के दौरान भी गरीब परिवारों के घरों में चूल्हे जलते रहे और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला.
हेमंत सरकार पर लगाए आरोप
विधायक ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में जल, जंगल और जमीन के नाम पर आदिवासियों को केवल लूटने का काम हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है.
नीरा यादव ने कहा कि राज्य में कैबिनेट की बैठकें नियमित रूप से नहीं हो रही हैं और सदन में भी गलत जवाब दिए जा रहे हैं. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हर मंगलवार को लोगों से संवाद किया जाता था और समय-समय पर कैबिनेट की बैठकें होती थीं.
जनहित के मुद्दों पर घर-घर जाएगी भाजपा
नीरा यादव ने राज्य में जंगलों की कटाई और बदलती जनसांख्यिकी को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों पर नीति के तहत आगे बढ़ रही है. पार्टी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाएगी और जनहित के मुद्दों पर घर-घर तक पहुंचेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास, युवाओं के भविष्य और किसानों के हितों को लेकर भाजपा अपनी लड़ाई जारी रखेगी.