Jharkhand

झारखंड के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत, RIMS में अब 250 MBBS सीटों पर होगा एडमिशन

Saumya Shukla
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
झारखंड के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत, RIMS में अब 250 MBBS सीटों पर होगा एडमिशन

रांची(RANCHI): झारखंड में डॉक्टर बनने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल संस्थान राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान यानी RIMS में अब MBBS की सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 कर दी गई है. नेशनल मेडिकल कमीशन यानी NMC ने नए शैक्षणिक सत्र से सीटें बढ़ाने की मंजूरी दे दी है. इसे झारखंड में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग लंबे समय से राज्य के मेडिकल कॉलेजों में MBBS और PG सीटें बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा था. विभाग ने NMC के सभी जरूरी मानकों को पूरा करते हुए आवश्यक दस्तावेज, अनुपालन रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताएं पूरी कीं. इसके बाद आयोग ने सभी मानकों की जांच की और RIMS में MBBS सीटें बढ़ाने की मंजूरी दे दी.

सीटों में बढ़ोतरी से पहले राज्य सरकार ने RIMS की सभी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा भी कराई थी. अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैकल्टी, क्लासरूम, छात्रावास, प्रयोगशालाओं, अस्पताल की क्षमता और अन्य बुनियादी सुविधाओं का आकलन किया गया. सभी मानकों पर संस्थान के खरा उतरने के बाद ही NMC ने अंतिम मंजूरी दी.

राज्य सरकार मेडिकल शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ाने पर जोर दे रही है. इससे पहले जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में भी MBBS सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 150 की गई थी. अब RIMS में सीटें बढ़ने के बाद सरकार दूसरे मेडिकल कॉलेजों में भी MBBS और PG सीटों के विस्तार की योजना पर काम कर रही है. इसका उद्देश्य राज्य में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाना और छात्रों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है.

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इसे झारखंड के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है. वहीं अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार चाहती है कि झारखंड के छात्रों को अपने ही राज्य में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा मिले.

RIMS के प्रभारी निदेशक डॉ. डी. के. सिन्हा ने कहा कि MBBS सीटों में बढ़ोतरी राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग और RIMS प्रशासन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है. उनके अनुसार इससे न सिर्फ अधिक छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई का मौका मिलेगा, बल्कि आने वाले समय में झारखंड को अधिक प्रशिक्षित डॉक्टर भी मिलेंगे. इससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.