Jharkhand

अल्पसंख्यक अभ्यर्थियों के लिए बड़ा मौका, JPSC-JSSC कोचिंग की प्रवेश परीक्षा 27 सितंबर को

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के तहत JPSC और JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्यर्थियों के चयन की प्रवेश परीक्षा 27 सितंबर को होगी. परीक्षा रांची के डोरंडा बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित की जाएगी. झारखंड राज्य हज समिति ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है. इस योजना का संचालन झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है. इसका मकसद अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की सुविधा देना है.

योजना के तहत कुल 80 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. इनमें 40 सीटें JPSC और 40 सीटें JSSC की तैयारी के लिए हैं. दोनों कोर्स के लिए समिति को कुल 293 आवेदन मिले हैं. जांच के बाद 264 आवेदन सही पाए गए, जबकि 29 आवेदन योग्य नहीं मिले. JPSC की 40 सीटों के लिए 200 आवेदन आए थे. इनमें 188 आवेदन सही और 12 आवेदन गलत पाए गए. वहीं, JSSC की 40 सीटों के लिए 93 आवेदन मिले, जिनमें 76 योग्य और 17 अयोग्य पाए गए हैं. योग्य अभ्यर्थियों का चयन अब प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा.

दस्तावेज सत्यापन में गलती वाले और सत्यापन के दौरान अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया गया है. इनके प्रमाणपत्रों की जांच 15 और 16 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक हज हाउस, कडरू, रांची में होगी. JPSC के 161 और JSSC के 65 अभ्यर्थियों को अंतिम सत्यापन के लिए बुलाया गया है. सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 18 से 20 सितंबर के बीच प्रवेश पत्र ई-मेल और वेबसाइट के माध्यम से जारी किए जाएंगे. समिति ने अभ्यर्थियों से मूल प्रमाणपत्र लेकर समय पर पहुंचने और आगे की जानकारी के लिए विभागीय सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है.