रांची (RANCHI): राजधानी रांची में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा पंडरा ओपी क्षेत्र के बाजरा स्थित देवकमल हॉस्पिटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना में दोनों के शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
मांडर के रहने वाले थे दोनों युवक
मृतकों की पहचान अमन बारला और आशीष तिर्की के रूप में हुई है. दोनों रांची के मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनहौरा गांव के निवासी थे. हादसे की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया और जगह-जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पंडरा ओपी प्रभारी के अनुसार, हादसे में दो युवकों की मौत हुई है. पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है. इसके लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वहीं, सड़क जाम और स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए पुलिस स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही है.
