रांची (RANCHI): झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया है. उत्पाद विभाग मुख्यालय, रांची द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत 58 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है. इस सूची में 34 उत्पाद सब-इंस्पेक्टर (दारोगा), तीन सहायक अवर निरीक्षक (ASI) और 21 लिपिक (क्लर्क) शामिल हैं. यह फेरबदल बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, लोहरदगा, हजारीबाग, देवघर, रामगढ़, जमशेदपुर, गोड्डा और सिमडेगा समेत कई जिलों को प्रभावित करेगा.
जारी आदेश के अनुसार, महेश कुमार दास को बोकारो से स्थानांतरित कर अधीक्षक उत्पाद कार्यालय, गिरिडीह भेजा गया है. वहीं सन्नी विवेक तिर्की को बोकारो से लोहरदगा में योगदान देने का निर्देश दिया गया है. धनबाद में पदस्थापित कुलदीप कुमार का तबादला हजारीबाग किया गया है, जबकि जाय हेम्ब्रम को धनबाद से बोकारो भेजा गया है. इसके अलावा मंजूर आलम अंसारी को लोहरदगा से स्थानांतरित कर बोकारो में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
उत्पाद विभाग ने लिपिक संवर्ग में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. कौशल कुमार सिंह को बोकारो से जमशेदपुर भेजा गया है, जबकि तापस कुमार दास का स्थानांतरण रामगढ़ किया गया है. दिलीप कुमार राम को गिरिडीह से सिमडेगा, नुनू राम दास को जामताड़ा से गोड्डा तथा राहुल कुमार पांडेय को धनबाद से देवघर में पदस्थापित किया गया है.
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से एक दिन पहले ही मुख्यालय ने बोकारो के सहायक आयुक्त उत्पाद का भी तबादला किया था. अरविंद कुजूर को बोकारो का नया सहायक आयुक्त उत्पाद नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे रामगढ़ में अपनी सेवाएं दे रहे थे. खास बात यह है कि बोकारो में उनकी यह दूसरी पोस्टिंग है, जिससे विभाग को उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है.
उत्पाद विभाग मुख्यालय ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश जारी किया है. विभाग का मानना है कि इस व्यापक तबादले से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.
