Jharkhand

बड़ी खबर: शादी का वादा कर फिर किया इनकार! DSP अमित कुमार सिंह पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के चुटिया थाना में पुलिस विभाग के अधिकारी DSP अमित कुमार सिंह के खिलाफ गंभीर आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. मामला आत्महत्या के लिए उकसाने और शादी का झांसा देने से जुड़ा बताया जा रहा है. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, एक युवती ने DSP अमित कुमार सिंह पर आरोप लगाया है कि उनका उसके साथ लंबे समय से संबंध था और उन्होंने शादी का भरोसा दिया था. युवती का कहना है कि बाद में अधिकारी ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद मानसिक रूप से परेशान होकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. युवती की शिकायत के आधार पर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केस में आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है. हालांकि अभी तक पूरे मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार DSP अमित कुमार सिंह वर्तमान में लोहरदगा जिले में पदस्थापित हैं. चर्चा यह भी है कि उनके खिलाफ पहले भी इसी तरह की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें वहां से हटाया गया था. हालांकि इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इधर, इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है. चुटिया थाना पुलिस शिकायत से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को खंगाल रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.