Jharkhand

बड़ी खबर : 1 करोड़ दो नहीं तो 24 घंटे में मारेंगे बम... प्रिंस खान की धमकी से कोल परियोजना अधिकारी दहशत में

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): गैंगस्टर प्रिंस खान की रंगदारी का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है. अब उसने हजारीबाग जिले की चंद्रगुप्त कोल परियोजना से जुड़े एक अधिकारी को निशाना बनाते हुए एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है. रंगदारी नहीं देने पर गोलीबारी और बम हमले की धमकी भी दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग के केरेहारी क्षेत्र में संचालित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत सुसी कंपनी के अधिकारी आर.एस. यादव को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकी दी गई. आर.एस. यादव वर्तमान में चतरा जिले के टंडवा क्षेत्र में रहते हैं.

व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश में कथित तौर पर प्रिंस खान ने कंपनी प्रबंधन से बात कर 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं होने पर गोली और बम से हमला किया जाएगा. संदेश में 15 जून तक एक करोड़ रुपये देने के अलावा हर महीने 10 लाख रुपये की नियमित रंगदारी देने की भी मांग की गई है.

धमकी भरे संदेश में यह भी लिखा गया है कि “कोयलांचल में काम करना है तो शांति सेना को साथ लेकर चलना होगा.” इस तरह के संदेशों से कोयला क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों और अधिकारियों में दहशत का माहौल है. गौरतलब है कि पिछले पांच दिनों के भीतर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का यह तीसरा मामला सामने आया है. इससे पहले 2 जून को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित जलजोगा रेस्टोरेंट के संचालक से और 4 जून को राजधानी के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल के मालिक से रंगदारी मांगी गई थी.

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद रांची, हजारीबाग और चतरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धमकियों के पीछे वास्तव में प्रिंस खान गिरोह का हाथ है या उसके नाम का इस्तेमाल कर कोई अन्य गिरोह रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है. इधर, एक के बाद एक कारोबारियों और अधिकारियों को मिल रही धमकियों से व्यापारिक जगत में चिंता बढ़ गई है. कारोबारी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.