Jharkhand

झारखंड राज्यसभा चुनाव: नाथवानी के नामांकन पर सस्पेंस खत्म, रिटर्निंग ऑफिसर ने दी मंजूरी, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड राज्यसभा चुनाव में पिछले दो दिनों से जिस नामांकन को लेकर सबसे ज्यादा सियासी घमासान मचा हुआ था, उस पर अब तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है. भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा मंजूरी दिए जाने की सूचना सामने आई है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा और अंतिम पुष्टि का अभी इंतजार किया जा रहा है.

राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड में राजनीतिक पारा लगातार चढ़ा हुआ है. नामांकन पत्रों की जांच के दौरान परिमल नाथवानी के नाम को लेकर तकनीकी आपत्ति सामने आई थी. कुछ दस्तावेजों में उनका नाम "परिमल नाथवानी" दर्ज था, जबकि कुछ अभिलेखों में "नाथवानी परिमल" लिखा गया था. इसी नामगत अंतर को आधार बनाकर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई थी. आपत्ति के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने तत्काल फैसला लेने के बजाय नाथवानी के नामांकन को होल्ड पर रख दिया था.

मामले ने जल्द ही राजनीतिक रंग ले लिया. विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया. कांग्रेस नेताओं ने नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जबकि भाजपा समर्थक नेताओं ने इसे महज तकनीकी त्रुटि बताते हुए नामांकन को वैध ठहराने की दलील दी. इस दौरान झारखंड विधानसभा में हाई-वोल्टेज राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला.

नामांकन पर उठे सवालों के बीच परिमल नाथवानी स्वयं विधानसभा पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा. वहीं, पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार भी विधानसभा पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली. सूत्रों के अनुसार, दो दिनों तक चली कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने सभी दस्तावेजों और तथ्यों की समीक्षा करते हुए परिमल नाथवानी के नामांकन को मंजूरी दे दी है. हालांकि, चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है.

गौरतलब है कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है, जबकि मैदान में तीन उम्मीदवार हैं. भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के अलावा महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा चुनावी मैदान में हैं. ऐसे में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है.

रिपोर्ट : समीर हुसैन