Jharkhand

बड़ी खबर : झारखंड पुलिस को मिले 6 नए IPS अधिकारी, गृह मंत्रालय ने जारी किया कैडर आवंटन

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड पुलिस महकमे को जल्द ही छह नए आईपीएस अधिकारियों की सेवाएं मिलने वाली हैं. केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 के आधार पर चयनित भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों का कैडर आवंटन जारी कर दिया है. नई सूची के अनुसार झारखंड कैडर में छह अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे राज्य में पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में देशभर के सफल अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट, श्रेणी और कैडर प्राथमिकताओं के आधार पर विभिन्न राज्यों में आवंटित किया गया है. झारखंड को मिले छह नए आईपीएस अधिकारियों में दो अधिकारी राज्य के मूल निवासी हैं, जबकि चार अन्य राज्यों से आकर यहां अपनी सेवाएं देंगे.

झारखंड कैडर में नियुक्त हुए ये अधिकारी
झारखंड कैडर पाने वाले अधिकारियों में करन कुमार (रैंक 174) और सौरभ राजेंदु (रैंक 199) राज्य के निवासी हैं. वहीं दिल्ली के काबिल भार्गव (रैंक 122) और पुलकित बंसल (रैंक 155), उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह (रैंक 168) तथा राजस्थान के कर्मवीर नरवाडिया (रैंक 795, एससी श्रेणी) को भी झारखंड कैडर आवंटित किया गया है. कैडर आवंटन सूची में झारखंड के एक और सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो का नाम भी शामिल है. हालांकि, कैडर आवंटन नियमों के तहत उन्हें झारखंड के बजाय केरल कैडर दिया गया है. अब वे वहां अपनी सेवाएं देंगे.

147 अधिकारियों का हुआ कैडर आवंटन
गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में कुल 147 नवचयनित आईपीएस अधिकारियों को विभिन्न राज्यों और संयुक्त कैडरों में तैनाती दी गई है. आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक अधिकारियों का आवंटन उत्तर प्रदेश, असम-मेघालय और पश्चिम बंगाल कैडर में किया गया है.

वहीं, सिविल सेवा परीक्षा 2024 के शीर्ष रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों में शामिल बी. शिवाचंद्रन को उनका गृह राज्य तमिलनाडु कैडर मिला है, जबकि वैभव सिंह को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित किया गया है.

नई नियुक्तियों के साथ झारखंड पुलिस को युवा नेतृत्व और नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.