रांची (RANCHI): ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के असामयिक निधन के बाद झारखंड सरकार ने शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक स्थगित कर दी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रस्तावित इस बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी और राज्य सरकार के स्तर पर कई फैसलों को मंजूरी मिलने की संभावना थी. अब बैठक की नई तारीख बाद में तय की जाएगी.
मरीन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. जानकारी के अनुसार, तृषा सिंह अपने दोस्तों के साथ कार से जा रही थीं. इसी दौरान दोमुहानी के पास कार सड़क किनारे खराब हालत में खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में तृषा समेत कार में सवार चार युवाओं की मौत हो गई.
घटना की जानकारी सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और चंपाई सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया. परिवार में शोक की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को स्थगित किया गया है. राज्य मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से बैठक की अगली तारीख की जानकारी बाद में जारी की जाएगी.
