Jharkhand

बड़ी खबर: इन महिलाओं के खाते में पहुंची सम्मान राशि, 20 हजार से अधिक लाभुकों के खाते में एक साथ आई 7,500 रुपये

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड के ईटकी प्रखंड और बड़गाईं अंचल की पात्र महिलों के खाते में एक साथ 7,500 रुपये की किस्त पहुँच चुकी है. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले में दूसरे चरण की सम्मान राशि का भुगतान भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. इसी के साथ ईटकी प्रखंड और बड़गाईं अंचल की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से लेकर जून तक 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि सीधे DBT के माध्यम से भेजी गई.

जिला प्रशासन के अनुसार, ईटकी प्रखंड के 10,327 और बड़गाईं अंचल के 10,204 लाभुकों सहित कुल 20,531 महिलाओं को एकमुश्त ₹7,500 की सहायता राशि प्रदान की गई. इस चरण में कुल ₹15.39 करोड़ से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई, जिससे योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र महिलाओं तक पहुंचा. इससे पहले पहले चरण में भी रांची जिले के बड़ी संख्या में लाभुकों को योजना का लाभ दिया जा चुका है. प्रशासन के मुताबिक, प्रथम चरण के दौरान जिले के 3,66,664 लाभार्थियों के खातों में अप्रैल से जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि के रूप में ₹274.99 करोड़ से अधिक की राशि डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की गई थी.

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें. योजना के तहत पात्र महिलाओं को सीधे बैंक खाते में राशि भेजी जाती है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बनी रहती है. प्रशासन ने बताया कि जिन पात्र लाभुकों का भुगतान शेष है, उनके मामलों का भी सत्यापन कर चरणबद्ध तरीके से राशि जारी की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे.