Jharkhand

बड़ी खबर: पूर्व DGP अजय कुमार सिंह को मिली झारखंड रेरा की कमान, नलिन कुमार बने सदस्य

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने राज्य के रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़ी एक अहम नियुक्ति करते हुए पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को झारखंड भू-संपदा नियामक प्राधिकरण (JHARERA) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. इसके साथ ही सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नलिन कुमार को प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया है. इस संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग ने सोमवार को राज्यपाल की मंजूरी के बाद आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी.

राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों नियुक्तियां भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 (RERA Act) के प्रावधानों के तहत की गई हैं. सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला झारखंड भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) नियमावली, 2017 के तहत गठित उच्च स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है. चयन समिति की सिफारिश मिलने के बाद राज्य सरकार ने दोनों नामों को अंतिम मंजूरी प्रदान की.

गौरतलब है कि झारखंड रेरा राज्य में रियल एस्टेट परियोजनाओं की निगरानी, बिल्डरों और खरीदारों के बीच विवादों के समाधान तथा आवासीय परियोजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली प्रमुख वैधानिक संस्था है. ऐसे में पूर्व डीजीपी अजय कुमार सिंह और न्यायिक सेवा से जुड़े रहे नलिन कुमार की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नई नियुक्तियों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड रेरा की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेशकों और घर खरीदारों का विश्वास भी मजबूत होगा.