Jharkhand

हज यात्रा 2027: झारखंड हज कमेटी ने हाजियों के लिए जारी की तीन शर्तें, जानिए

Varsha Varma CE
Copy Editor
हज यात्रा 2027: झारखंड हज कमेटी ने हाजियों के लिए जारी की तीन शर्तें, जानिए

रांची(RANHI): हज-2027 पर जाने की तैयारी कर रहे आजमीन-ए-दीन के लिए झारखंड स्टेट हज कमेटी ने महत्वपूर्ण सलाह जारी की है. कमेटी ने इच्छुक हाजियों से अपील की है कि वे अपने पासपोर्ट की स्थिति अभी से जांच लें और आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. हज हाउस, रांची की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि हज यात्रा के लिए पासपोर्ट से जुड़ी सभी आवश्यक शर्तों को पहले ही पूरा कर लेना चाहिए. इससे आवेदन के समय दस्तावेजों की कमी या तकनीकी समस्याओं से बचा जा सकेगा.

धातकीडीह मदरसा फैजुल उलूम हज कमेटी के मास्टर ट्रेनर हाजी युसूफ ने बताया कि सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्रालय ने हज-2027 की तैयारियों और प्रक्रियाओं पर काम शुरू कर दिया है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हज-2027 से संबंधित आधिकारिक घोषणा भी जल्द की जा सकती है.

इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड स्टेट हज कमेटी ने पासपोर्ट से संबंधित तीन महत्वपूर्ण शर्तों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है. पहली शर्त यह है कि आवेदक का पासपोर्ट पूरी तरह मशीन रीडेबल होना चाहिए. दूसरी शर्त के अनुसार पासपोर्ट की वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक होना अनिवार्य है. वहीं तीसरी शर्त यह है कि नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय सरनेम या लास्ट नेम का कॉलम खाली नहीं छोड़ा जाना चाहिए. कमेटी ने सभी संभावित हाजियों से अनुरोध किया है कि वे अपने पासपोर्ट की वैधता और विवरण की तुरंत जांच कर लें. यदि पासपोर्ट के नवीनीकरण या किसी संशोधन की आवश्यकता हो तो संबंधित प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर लें.

हज कमेटी का मानना है कि समय रहते दस्तावेजों को दुरुस्त करने से आवेदन प्रक्रिया आसान होगी और हाजियों को अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. इसलिए हज-2027 के इच्छुक लोगों को अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू करने की सलाह दी गई है.