Jharkhand

त्योहार पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खबर! बेंगलुरु से झारखंड के लिए स्पेशल ट्रेन की उठी मांग

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

RANCHI: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहार अब करीब हैं. त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. इसी को देखते हुए बेंगलुरु में रहने वाले झारखंड, बिहार और ओडिशा के लोगों ने अभी से घर वापसी की तैयारी शुरू कर दी है. लेकिन ट्रेन टिकटों की उपलब्धता यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है. बेंगलुरु से झारखंड आने वाली कई ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं, जबकि कई ट्रेनों में वेटिंग काफी लंबी पहुंच गई है. यात्रियों की इस समस्या को देखते हुए झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन (JRUA) ने साउथ वेस्टर्न रेलवे के बेंगलुरु डिवीजन के DRM को पत्र भेजकर त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है.

एसोसिएशन ने रेलवे के सामने अलग-अलग रूट पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव रखा है. JRUA के मुताबिक, येलहंका से धनबाद के बीच स्पेशल ट्रेन शुरू की जा सकती है. इस ट्रेन को डीएमएम, जीएनटी, आरजीडीए, आरएनसी और बीकेएससी होते हुए चलाने का सुझाव दिया गया है. इसके साथ ही हुसूर या बेंगलुरु से हटिया के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने की मांग की गई है. एसोसिएशन ने दोनों सेवाओं को सप्ताह में दो दिन संचालित करने और कुल 32 अप-डाउन ट्रिप चलाने का प्रस्ताव दिया है.

इसके अलावा येलहंका से टाटानगर और आदित्यपुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की गई है. प्रस्तावित ट्रेन को जीटीएल, वाईजी, सीएचजेड, बीजेडए, वीजेडएम और बीबीएस रूट से चलाने का सुझाव दिया गया है. इस रूट पर कुल 16 ट्रिप संचालित करने की मांग रखी गई है.

JRUA का कहना है कि मौजूदा ट्रेनों में भी यात्रियों को टिकट के लिए काफी परेशानी हो रही है. बेंगलुरु से हटिया जाने वाली SMVB हटिया एक्सप्रेस और SMVB हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस में कई श्रेणियों की सीटों की बुकिंग बंद हो चुकी है और स्टेटस में REGRET दिखाई दे रहा है. एसोसिएशन ने 15 अक्टूबर की ट्रेन के पूरी तरह रद्द होने की जानकारी भी दी है. वहीं, बेंगलुरु से टाटानगर जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंचने की बात कही गई है.

बेंगलुरु से बोकारो स्टील सिटी और धनबाद के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों की मुश्किल और बढ़ जाती है. इसी तरह हैदराबाद से टाटानगर के बीच सीधी ट्रेन की सुविधा नहीं होने का मुद्दा भी एसोसिएशन ने उठाया है. JRUA अध्यक्ष कुमार अभिषेक, सचिव नैयर इमाम और कोषाध्यक्ष छोटी कुमारी ने रेलवे से त्योहारों से पहले स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करने की अपील की है. उनका कहना है कि समय पर अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा होने से यात्री पहले से टिकट बुक कर सकेंगे और लंबी वेटिंग, महंगे किराये या दूसरे रूट से यात्रा करने की परेशानी से बच सकेंगे.