Jharkhand

बड़ी खबर: शराब नीति मामले में ED का शिकंजा तेज, बेटे से लंबी पूछताछ के बाद आज पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव पहुंचे ED कार्यालय

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड की कथित शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार तेज होती जा रही है. दूसरे समन के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और राज्य के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव मंगलवार को रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे. जांच एजेंसी अब उनसे शराब नीति, वित्त विभाग की भूमिका और अन्य संबंधित पहलुओं पर पूछताछ करेगी. इससे एक दिन पहले ईडी ने उनके बेटे रोहित उरांव से कई घंटों तक पूछताछ की थी.

रोहित उरांव से कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ
सोमवार को रोहित उरांव सुबह करीब 11 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे कथित शराब नीति मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल-जवाब किए. पूछताछ के दौरान बैंक खातों में हुए वित्तीय लेनदेन, कारोबारी गतिविधियों और अन्य दस्तावेजों को लेकर भी जानकारी मांगी गई. जांच एजेंसी ने उनसे कई बिंदुओं पर स्पष्टीकरण भी लिया.

30 लाख रुपये की नकदी पर भी मांगा जवाब
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने अगस्त 2023 में रोहित उरांव के ठिकाने से बरामद 30 लाख रुपये नकद के संबंध में भी पूछताछ की. अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि इतनी बड़ी नकदी का स्रोत क्या था और उसे घर में रखने की वजह क्या थी. इसके अलावा कारोबारी प्रेम प्रकाश के साथ कथित कारोबारी संबंधों और वित्तीय लेनदेन को लेकर भी सवाल पूछे गए.

आज रामेश्वर उरांव से होंगे अहम सवाल
मंगलवार को ईडी पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से वर्ष 2020 के बाद राज्य में लागू की गई शराब नीति, उसे मंजूरी देने की प्रक्रिया और वित्त विभाग की ओर से उठाई गई आपत्तियों के बावजूद नीति लागू किए जाने के कारणों पर पूछताछ करेगी. इसके साथ ही उनके बेटे के पास से बरामद 30 लाख रुपये की नकदी को लेकर भी उनसे जानकारी और सत्यापन किया जाएगा. ईडी कथित शराब नीति मामले में लगातार जांच को आगे बढ़ा रही है और इससे जुड़े विभिन्न लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है.