☰
Jharkhand

बड़ी खबर: ED का एक्शन तेज, TMC सांसद के ठिकानों पर छापेमारी, दिल्ली-कोलकाता-रांची में 7 जगहों पर हो रही है जांच

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आये दिन प्रवर्तन निदेशालय का एक्शन अलग-अलग राज्यों में देखने को मिलता है. इसी कड़ी में आज सुबह से ही ED द्वारा TMC यानि तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक के परिसर में बड़ी कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा ED की अलग-अलग टीमें आज दिल्ली, कोलकाता और रांची में एक साथ करीबन सात ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. यह कार्रवाई संदिग्ध वित्तीय लेनदेन, अवैध गतिविधियों, अवैध फंडिंग और ऐसे लेखन के प्रकाशन से जुड़ी जांच के तहत की जा रही है, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द और सांप्रदायिक हिंसा प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.

‘अखबार-ए-मशरिक’ से जुड़े मामले में जांच

मोहम्मद नदीमुल हक उर्दू दैनिक अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक’ के निदेशक बताए जाते हैं. ED की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बिधाननगर थाने में दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़े मामले में हो रही है. जांच एजेंसी को आशंका है कि कुछ संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के जरिए ऐसी गतिविधियों को आर्थिक मदद दी गई, जिनसे सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है.

बैंक खातों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच

छापेमारी के दौरान ED की टीमें सांसद और अखबार के प्रबंधन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं. इनमें बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अन्य आर्थिक रिकॉर्ड शामिल हैं. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध रकम कहां से आई, किन माध्यमों से उसका लेनदेन हुआ और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया गया. ED की कार्रवाई का उद्देश्य पूरे वित्तीय नेटवर्क और फंडिंग के स्रोत का पता लगाना है. जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की भी पड़ताल किए जाने की संभावना है.