Jharkhand

बड़ी खबर: बड़गांई लैंड स्कैम मामले में CM ने मांगा 22 दस्तावेज पढ़ने का समय, 30 सितंबर को होगी आरोप गठन पर सुनवाई

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): बड़गांई की 8.86 एकड़ कथित जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में PMLA की विशेष कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई. मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ आरोप गठन के बिंदु पर सुनवाई हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट के समक्ष उपस्थित हुए. सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने ED की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों को देखने और पढ़ने के लिए समय देने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री की ओर से बताया गया कि ED ने मामले से जुड़े 22 दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें देखने के लिए उन्हें समय चाहिए. इस पर कोर्ट ने कहा कि फिलहाल आरोप गठन की प्रक्रिया का समय है और दस्तावेज देखने के लिए अलग से समय देने का यह उचित चरण नहीं है.

हालांकि, मुख्यमंत्री के आग्रह को देखते हुए कोर्ट ने आरोप गठन की सुनवाई के लिए अगली तारीख निर्धारित कर दी है. अब मामले में 30 सितंबर को सुबह 11:15 बजे सुनवाई होगी. बता दें कि बड़गांई लैंड स्कैम मामले में ED की विशेष अदालत पहले ही अंतू तिर्की, आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह समेत 16 आरोपियों के खिलाफ आरोप गठन कर चुकी है. मामले में राजस्वकर्मी भानु प्रसाद प्रताप, अंतू तिर्की, बिजेंद्र सिंह, बिपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय, मनोज कुमार यादव, कुमार राजश्री, राजकुमार पाहन, संजीत कुमार, विनोद कुमार सिंह, शेखर कुशवाहा, तापस घोष, मोहम्मद इरसाद अख्तर, अफसर अली, मोहम्मद सद्दाम हुसैन और मोहम्मद इरसाद समेत अन्य आरोपी हैं.