रांची : सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सीबीआई की जांच तेज हो गई है. इस सिलसिले में सीबीआई की टीम ने सरना समिति से जुड़े अजय तिर्की और सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना करकैटा से कई घंटे तक पूछताछ की है. जांच एजेंसी दोनों से अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है.
अजय तिर्की से आठ घंटे तक पूछताछ
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने अजय तिर्की से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की. इस दौरान निशा भगत से उनके संबंध, मामले से जुड़े घटनाक्रम और निशा की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर कई सवाल पूछे गए. पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम अपने साथ कुछ महत्वपूर्ण कागजात और साक्ष्य के तौर पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी ले गई है. हालांकि, इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में क्या-क्या शामिल है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
ज्योत्सना करकेटा के कामकाज को लेकर पूछताछ
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना करकैटा से भी सीबीआई ने कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से पूछताछ की. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान निशा भगत के साथ उनके संबंधों, उनके सामाजिक कार्यों और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई. इसके अलावा ज्योत्सना क्या काम करती हैं, किन सामाजिक संगठनों और लोगों से उनका संपर्क रहा है तथा निशा भगत के साथ उनके संबंध किस तरह के थे, जैसे पहलुओं पर भी सवाल किए गए. सीबीआई ने ज्योत्सना से निशा भगत के संपर्क में रहने वाले लोगों और उनके सामाजिक दायरे को लेकर भी जानकारी जुटाने की कोशिश की. जांच एजेंसी यह समझने का प्रयास कर रही है कि निशा भगत की मौत से पहले उनके साथ क्या-क्या घटनाएं हुई थीं और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों के पीछे क्या परिस्थितियां थीं.
लाइव आकर निशा भगत ने लगाए थे कई गंभीर आरोप
गौरतलब है कि पिछले दिनों सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने लाइव आकर अपनी जान दे दी थी. मौत से पहले उन्होंने सोशल मीडिया लाइव के माध्यम से कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. इस घटना ने झारखंड में काफी चर्चा पैदा की थी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठी थी. निशा भगत की मौत से जुड़े मामले में अब सीबीआई अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी का फोकस निशा के आरोपों की सच्चाई, उनके संपर्कों, घटना से पहले की परिस्थितियों और मामले से जुड़े संभावित साक्ष्यों को समझने पर है.
फिलहाल, अजय तिर्की और ज्योत्सना करकैटा से हुई पूछताछ के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं. हालांकि, पूछताछ या किसी का नाम जांच में सामने आना अपने आप में किसी के दोषी होने का प्रमाण नहीं है. मामले में सीबीआई की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है.
