Jharkhand

बड़ी खबर : रांची में दहशत में कारोबारी, प्रिंस खान के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी, कहा-नहीं दोगे तो खोल देंगे खोपड़ी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है. बीते एक सप्ताह के दौरान शहर के चार प्रमुख कारोबारियों को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज भेजकर करोड़ों रुपये की मांग की गई है. लगातार मिल रही धमकियों से व्यापारिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है.

ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र के हरिओम टावर निवासी व्यवसायी उदय शंकर से जुड़ा है. उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 जून की रात उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और संदेश आया. कॉल करने वाले ने खुद को दुबई में मौजूद प्रिंस खान बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी.

इसी तरह शहर के प्रसिद्ध पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल को भी उसी नंबर से धमकी भरा कॉल और मैसेज प्राप्त हुआ. उनसे भी पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और भुगतान नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई. मामले को लेकर उन्होंने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों कारोबारियों को एक ही विदेशी नंबर से कॉल किए गए हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित अपराधी गिरोह सक्रिय हो सकता है. पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से नंबर की लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है.

लगातार सामने आ रही रंगदारी की घटनाओं ने शहर के कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इसका असर व्यापारिक माहौल पर पड़ सकता है. वहीं पुलिस का दावा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.