Jharkhand

बड़ी खबर : झारखंड के कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! DA बढ़कर हुआ 60%, एरियर का भी मिलेगा फायदा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सातवें वेतनमान का लाभ प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई है. नए आदेश के तहत कर्मचारियों को अब 58 प्रतिशत की जगह 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा. यह बढ़ी हुई दर 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. इसका सीधा लाभ राज्य के हजारों कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलेगा. साथ ही जनवरी 2026 से लागू होने के कारण कर्मचारियों को बकाया राशि (एरियर) भी प्रदान की जाएगी.

यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में की गई बढ़ोतरी के अनुरूप लिया गया है. केंद्र के निर्णय के बाद राज्य सरकार ने भी इस प्रस्ताव पर विचार किया और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इसे मंजूरी दी गई. कैबिनेट की स्वीकृति के बाद वित्त विभाग ने बढ़े हुए महंगाई भत्ते को लागू करने का आदेश जारी कर दिया.

वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता केवल कर्मचारियों के मूल वेतन (Basic Pay) पर ही देय होगा. झारखंड सेवा संहिता के प्रावधानों के अनुसार इसे विशेष वेतन, अतिरिक्त भत्ते या वैयक्तिक वेतन के साथ जोड़कर नहीं दिया जाएगा. सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों की आय में बढ़ोतरी होगी और बढ़ती महंगाई के बीच उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी. कर्मचारियों के संगठनों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे राज्यकर्मियों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है.