रांची(RANCHI): जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कैसी चल रही है और सरकारी योजनाओं पर कितना काम हो रहा है, अब शिक्षा विभाग इस पर ज्यादा नजर रखेगा. इसी को लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक ने जिले के सभी 20 प्रखंडों के DDO के साथ बैठक की. बैठक में स्कूलों में चल रहे काम की जानकारी ली गई और जो काम बाकी हैं, उन्हें समय पर पूरा करने को कहा गया.
स्कूलों में लगाए जाएंगे 2.50 लाख पौधे
‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत जिले में 2.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. शिक्षा विभाग ने अधिकारियों से कहा है कि स्कूलों और बच्चों को इस अभियान से जोड़ा जाए और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जाएं.
वहीं इंस्पायर अवॉर्ड के लिए हर उच्च प्राथमिक स्कूल से पांच बच्चों के नए आइडिया भेजने को कहा गया है. इससे बच्चों को कुछ नया सोचने और बनाने का मौका मिलेगा. बैठक में बच्चों और शिक्षकों की हाजिरी पर भी बात हुई. अब EVV ऐप पर हर दिन ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करनी होगी. जिन स्कूलों का SHVR ऐप पर रजिस्ट्रेशन बाकी है, उन्हें भी जल्द इसे पूरा करने को कहा गया है.
परीक्षा और मेले की भी हुई चर्चा
प्री-SA-1 परीक्षा कब होगी, कॉपियां कैसे जांची जाएंगी और रिजल्ट समय पर कैसे जारी होगा, इस पर भी चर्चा की गई. जिला स्तरीय TLM मेले में ज्यादा से ज्यादा स्कूलों को शामिल करने को कहा गया.
इसके अलावा ‘रांची स्पीक्स’ में बच्चों की भागीदारी बढ़ाने और स्कूलों में होने वाले अच्छे काम को सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. सरकारी स्कूलों के साथ अल्पसंख्यक स्कूलों को भी प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल करने को कहा गया है.