रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक सम्पन्न हुई है जहां कुल 41 प्रस्तावों पर मुहर लगी है.
बैठक में सरकारी कर्मचारियों के वेतनमान में सुधार के साथ उच्च शिक्षा के विस्तार से जुड़े फैसले लिए गए. कैबिनेट के इन निर्णयों से जहां संबंधित कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं पलामू के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी.
कैबिनेट ने संबंधित संवर्ग के कर्मचारियों के वेतनमान में संशोधन के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है. इसके तहत कर्मचारियों को अब 1900 के स्थान पर 2400 ग्रेड पे का लाभ मिलेगा. लंबे समय से वेतन विसंगति दूर करने और ग्रेड पे में सुधार की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए इसे महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है. इस बदलाव से संबंधित कर्मचारियों के वेतन में भी बढ़ोतरी होगी.
वहीं, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पलामू जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में नए डिग्री कॉलेज के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है. नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, पलामू के अंतर्गत बनने वाले इस महाविद्यालय के लिए 37 करोड़ 36 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है. कॉलेज के निर्माण से विश्रामपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने का स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेगा. इससे उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की मजबूरी भी कम होगी.
