Jharkhand

विधानसभा घेराव से पहले ABVP पर प्रशासन की कार्रवाई, कार्यकर्ता डिटेन

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची में विधानसभा घेराव को लेकर प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं पर प्रशासन ने कार्रवाई की है. धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के पास प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डिटेन कर बसों में बैठाना शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों को बसों के जरिए मौके से हटाया जा रहा है. विधानसभा घेराव के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता और छात्र रांची पहुंचे थे. प्रदर्शनकारी पुरानी विधानसभा से विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी.

पुरानी विधानसभा के पास पुलिस ने रोका मार्च
प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने की कोशिश के बीच पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया. मौके पर पहले से बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग के आगे जाने से रोक दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया. प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी थी. स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे.

झड़प और धक्का-मुक्की के बाद बढ़ा तनाव
ABVP ने यह विधानसभा घेराव कार्यक्रम छात्रों पर हुई पूर्व की पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया था. संगठन के आह्वान पर राज्यभर से कार्यकर्ता रांची पहुंचे. विधानसभा की ओर बढ़ने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी. इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया.

सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
पुलिस की नाकेबंदी के बाद कई ABVP कार्यकर्ता और छात्र मौके पर ही सड़क पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन छात्रों की जायज मांगों और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है. ABVP नेताओं का कहना है कि छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान की दिशा में कदम उठाया जाना चाहिए.

प्रशासन ने शुरू किया डिटेन करने का सिलसिला
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को डिटेन करना शुरू कर दिया. पुलिसकर्मी प्रदर्शन कर रहे छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं को एक-एक कर बसों में बैठाते नजर आए. इसके बाद बसों के जरिए उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाया जा रहा है. मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन की कोशिश है कि विधानसभा घेराव के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े. फिलहाल पुरानी विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. ABVP कार्यकर्ताओं की डिटेनिंग के बाद प्रदर्शन का माहौल और गर्म हो गया है. अब देखना होगा कि संगठन की ओर से प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद आगे क्या कदम उठाया जाता है.