Jharkhand

आज से 3 दिनों तक बैंक में नहीं होंगे काम, जानिए कौन सी सेवाएं रहेंगी प्रभावित

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): आज यानि की शुक्रवार, 11 सितंबर से यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे. इसके अगले दिन 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में ग्राहकों को लगातार तीन दिनों तक शाखा आधारित बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

हड़ताल को टालने के लिए केंद्रीय श्रम आयुक्त के कार्यालय में UFBU, वित्तीय सेवा विभाग और भारतीय बैंक संघ (IBA) के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी. बैठक में बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा की गई, लेकिन किसी ठोस सहमति पर बात नहीं बन सकी. इसके बाद बैंक यूनियनों ने 11 सितंबर की हड़ताल को जारी रखने का फैसला किया. यूनियनों की प्रमुख मांगों में बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है. संगठनों का कहना है कि यह मांग लंबे समय से लंबित है. 

मार्च 2024 में भारतीय बैंक संघ के साथ हुए समझौते में भी पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था से संबंधित प्रस्ताव शामिल था, लेकिन इस पर अभी तक अंतिम निर्णय नहीं हो सका है. पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के अलावा बैंक कर्मचारी संगठन प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन भुगतान (PLI) में असमानता खत्म करने और अन्य लंबित मांगों के समाधान की भी मांग कर रहे हैं. यूनियनों का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर स्पष्ट फैसला या समयसीमा तय नहीं होती, तब तक आंदोलन वापस लेने का कोई आधार नहीं है.

लगातार तीन दिन बंद रहेंगी बैंक शाखाएं
•    11 सितंबर, शुक्रवार: देशव्यापी बैंक हड़ताल.
•    12 सितंबर, शनिवार: महीने का दूसरा शनिवार, बैंक शाखाएं बंद.
•    13 सितंबर, रविवार: साप्ताहिक अवकाश.
•    
इसके बाद 14 सितंबर को कुछ राज्यों में स्थानीय अवकाश के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. इसलिए ग्राहकों को अपने राज्य में लागू बैंक अवकाश की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए.

हड़ताल का सबसे ज्यादा असर बैंक शाखाओं में होने वाले प्रत्यक्ष कामकाज पर पड़ने की संभावना है. इस दौरान नकद जमा और निकासी, चेक जमा और क्लियरेंस, काउंटर सेवाएं और अन्य नियमित शाखा आधारित काम प्रभावित हो सकते हैं. झारखंड में भी बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल होंगे, जिससे राज्य की कई शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है. हालांकि, डिजिटल बैंकिंग, UPI और ATM सेवाएं हड़ताल के दौरान पूरी तरह बंद होना जरूरी नहीं है. इनकी उपलब्धता संबंधित बैंक और तकनीकी व्यवस्था पर निर्भर करेगी.