☰
Jharkhand

अनशनकारी छात्रों से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे बाबूलाल मरांडी, बोले-संघर्ष जारी रखें लेकिन जीवन को खतरे में न डालें

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): छात्रों के आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदर अस्पताल पहुंचकर बीमार अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की. उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती पलामू के छात्र राहुल क्रांति और कोडरमा के छात्र ब्रजकिशोर का हाल जाना. दोनों छात्र जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच और युवाओं के अधिकारों की मांग को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं.

डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य की जानकारी

अस्पताल पहुंचने के बाद बाबूलाल मरांडी ने चिकित्सकों से दोनों छात्रों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे छात्रों के साहस और धैर्य की वह सराहना करते हैं. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखें, लेकिन स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाला कदम न उठाएं.

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर छात्रों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील नहीं होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल क्रांति ने परीक्षा दी, अच्छे अंक हासिल किए, लेकिन इसके बाद भी उसे नियुक्ति नहीं मिली. उन्होंने कहा कि परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में देरी और अलग-अलग चरणों में रिजल्ट जारी करने से अभ्यर्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत से राहत मिलने के बाद भी छात्रों को न्याय पाने के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में जल्द निर्णय लेकर युवाओं को राहत देनी चाहिए.

जेपीएससी और जेएसएससी मामले में जांच की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने एक बार फिर जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए.

उन्होंने कहा कि युवाओं का यह आंदोलन केवल कुछ छात्रों की लड़ाई नहीं है, बल्कि राज्य के हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है. इस दौरान प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी और रजनीश पांडेय भी मौजूद रहे.