Jharkhand

सरकारी स्कूल में बच्चों के बीच पहुंचीं मनीषा सिंह, सिखाई गुड टच-बैड टच की समझ, बताया सुरक्षित रहने का तरीका

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से अखिल भारतीय क्षत्रिय महिला महासभा की प्रदेश अध्यक्ष मनीषा सिंह के नेतृत्व में हरमू स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी जरूरी बातें आसान भाषा में समझाई गईं.

बच्चों को समझाया सुरक्षित और असहज स्पर्श का अंतर

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच, बैड टच और प्राइवेट पार्ट्स के बारे में उम्र के हिसाब से सरल तरीके से जानकारी दी गई. बच्चों को समझाया गया कि कुछ स्पर्श प्यार और देखभाल से जुड़े हो सकते हैं, जबकि ऐसा कोई भी व्यवहार जिससे वे असहज, डरे या परेशान महसूस करें, उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

बच्चों को यह भी बताया गया कि अगर कोई उन्हें असहज तरीके से छूने की कोशिश करे या ऐसा व्यवहार करे जो उन्हें सही न लगे, तो उन्हें चुप रहने की जरूरत नहीं है. वे तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दे सकते हैं.

शिक्षकों ने बताया अभियान का महत्व

अभियान के दौरान स्कूल के शिक्षकों ने भी बच्चों को इस तरह की जानकारी देने की जरूरत पर जोर दिया. शिक्षकों का कहना था कि कम उम्र से ही बच्चों को अपनी सुरक्षा के बारे में जागरूक करने से उनमें सही और गलत व्यवहार को समझने की क्षमता विकसित होती है.

शिक्षकों के मुताबिक, ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी परेशानी खुलकर बताने का भरोसा देते हैं. इसके साथ ही अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे बच्चों से इन विषयों पर सहज माहौल में बातचीत करें.

बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता जरूरी

कार्यक्रम के आयोजकों का कहना है कि बच्चों को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी डराकर नहीं, बल्कि आसान और दोस्ताना तरीके से दी जानी चाहिए. उन्हें यह भरोसा होना चाहिए कि किसी भी परेशानी में उनकी बात सुनी जाएगी.

इस तरह के जागरूकता अभियान बच्चों को सतर्क रहने के साथ-साथ गलत स्थिति में आवाज उठाने का आत्मविश्वास भी देते हैं.