Jharkhand

रांचीवासी कृपया ध्यान दे! आज इन इलाकों में बिजली रहेगी बाधित

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
रांचीवासी कृपया ध्यान दे! आज इन इलाकों में बिजली रहेगी बाधित

रांची (RANCHI): झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड (JUSNL) ने आज बुधवार को राजधानी रांची के कई क्षेत्रों में निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की है. निगम के अनुसार 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन, हटिया-1 में 33 केवी हाई मेन बस पर आवश्यक रखरखाव कार्य किया जाएगा. इस दौरान हटिया-1 ग्रिड से निकलने वाली 33 केवी फीडर-1, राजभवन और एचईसी विद्युत आपूर्ति क्षेत्र की बिजली प्रभावित रहेगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. इसके अलावा 33 केवी बड़ा और अन्य संबंधित फीडरों से जुड़े कुछ इलाकों में भी आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. निगम ने उपभोक्ताओं से सहयोग करने और आवश्यक कार्य पहले ही पूरा कर लेने की अपील की है.

वहीं दूसरी ओर आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत एलटी कन्वर्जन कार्य किए जाने के कारण भी शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी. बिजली विभाग के अनुसार आर्यपुरी, रातू रोड, टंगराटोली, पिस्का मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली नहीं रहेगी. विभाग का कहना है कि यह कार्य विद्युत नेटवर्क को मजबूत बनाने और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है. कार्य पूरा होने के बाद सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.

झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें, ताकि बिजली कटौती के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. निगम ने स्पष्ट किया है कि रखरखाव और तकनीकी उन्नयन से भविष्य में बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय और बेहतर होगी. प्रशासन ने भी लोगों से सहयोग की अपेक्षा जताई है और भरोसा दिलाया है कि निर्धारित कार्य समय पर पूरा कर जल्द से जल्द सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.