रांची (RANCHI): जमशेदपुर में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री और महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक का माहौल है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने घटना पर दुख जताया है.
इसी बीच झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
विधानसभा अध्यक्ष ने परिवार के प्रति जताई संवेदना
झारखंड विधानसभा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि किसी भी मां के लिए अपनी बेटी को इस तरह असमय खोना बेहद पीड़ादायक है. यह पूरे परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती.
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में उनकी संवेदनाएं दीपिका पांडेय सिंह और उनके पूरे परिवार के साथ हैं.
विधानसभा अध्यक्ष ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति भी दुख जताया. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को इस मुश्किल समय का सामना करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
हादसे में चार लोगों की हुई मौत
पुलिस के मुताबिक यह हादसा गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी इलाके में मरीन ड्राइव पर हुआ. कार में चार लोग सवार थे. उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. हादसे में चारों की मौत हो गई. मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं. हादसे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.