रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है. सत्र शुरू होने से पहले ही राज्य की राजनीति गरमा गई है. खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR) 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं. सत्ता पक्ष ने इन दोनों मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है.
इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की. बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार का पक्ष मजबूती से रखने, विपक्ष के सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने और दोनों मुद्दों पर सदन में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की रणनीति पर विचार किया गया.
मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया. उन्होंने सत्ता पक्ष के सदस्यों से एकजुट होकर सरकार का पक्ष रखने और दोनों मुद्दों पर मजबूती से अपनी बात रखने की अपील की. बैठक के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और MMDR संशोधन कानून तथा SIR को लेकर आम लोगों के बीच बनी चिंताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया.
MMDR संशोधन कानून से राज्य के राजस्व पर असर की आशंका
विशेष सत्र में MMDR संशोधन अधिनियम 2026 सत्ता पक्ष के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा. बैठक में इस कानून के संभावित प्रभावों पर विस्तार से चर्चा हुई. सत्ता पक्ष का मानना है कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के आर्थिक और वित्तीय हितों पर इस संशोधन का प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
विशेष रूप से खनिजयुक्त भूमि पर उपकर (सेस) लगाने के राज्यों के अधिकारों को सीमित करने से जुड़े प्रावधानों को लेकर चिंता जतायी गयी. नेताओं का कहना है कि इससे राज्य के राजस्व और वित्तीय संसाधनों पर असर पड़ सकता है. सत्ता पक्ष सदन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए खनिज संपदा पर झारखंड के अधिकारों की पैरवी करेगा और केंद्र सरकार के समक्ष राज्य का पक्ष रखने के लिए प्रस्ताव पारित करने की तैयारी में है.
SIR पर पारदर्शिता और समय-सीमा बढ़ाने की मांग
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी विशेष सत्र में चर्चा होने की संभावना है. बैठक में सत्ता पक्ष के नेताओं ने आरोप लगाया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि कई मामलों में सुनवाई अभी लंबित है.
सत्ता पक्ष ने आशंका जतायी कि निर्धारित समय-सीमा में जल्दबाजी के साथ प्रक्रिया पूरी करने से आदिवासी और वंचित वर्ग के मतदाताओं के मताधिकार पर असर पड़ सकता है. इस मुद्दे को सदन में उठाकर निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी. बैठक में SIR की प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्धारित समय-सीमा बढ़ाने की मांग उठाने पर भी सहमति बनी. सत्ता पक्ष का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए और सभी मामलों का निष्पक्ष तरीके से निपटारा किया जाना चाहिए.
