☰
Jharkhand

चक्रवात अर्नब का असर घटते ही बढ़ेगी ठंड, 4 नवंबर से गिरेगा पारा, जानें कब मिलेगी बारिश से राहत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में पिछले दो दिनों से जारी बारिश के बीच अब राहत मिलने के संकेत हैं. चक्रवात अर्नब कमजोर पड़ने के साथ ही राज्य में भारी बारिश का खतरा भी कम होने लगा है. शुक्रवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है. इसके बाद मौसम धीरे-धीरे बदल सकता है और आसमान साफ होने के साथ राज्य में ठंड बढ़ने के आसार हैं.

बुधवार शाम से हुई बारिश के दौरान कोल्हान क्षेत्र में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई. पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में 71.4 मिलीमीटर और पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में 64 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, चाईबासा में पिछले 24 घंटे के दौरान 60.4 मिलीमीटर और राजधानी रांची में 26.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई. लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है.

तीन दिनों में बढ़ेगा अधिकतम तापमान
बारिश का प्रभाव कम होने के साथ दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है. रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. शुक्रवार को यह 26 डिग्री और शनिवार तक 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है. इस तरह तीन दिनों में अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री बढ़ने के आसार हैं. हालांकि, 30 और 31 अक्टूबर को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

चक्रवात अर्नब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया. इसके आगे और कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है. मौसम तंत्र कमजोर होने के बावजूद उससे जुड़ी नमी और बादलों का प्रभाव कुछ समय तक बना रह सकता है. यही वजह है कि झारखंड के कई इलाकों में अभी भी बारिश की संभावना बनी हुई है.

बारिश और बादलों के कारण फिलहाल रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवात अर्नब का प्रभाव समाप्त होने और आसमान साफ होने के बाद राज्य में न्यूनतम तापमान गिरने लगेगा. चार नवंबर 2026 के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है. इसके साथ ही सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है. वैज्ञानिक के मुताबिक, बादलों की मौजूदगी के कारण रात में तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना रहता है, जबकि दिन के तापमान में पहले ही तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. मौसम साफ होने के बाद रात के तापमान में कमी आने की संभावना है. इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है.