Jharkhand

टमाटर से आत्मरक्षा कर रहे भाजपा नेता? प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों से घिरे प्रदेश अध्यक्ष

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
टमाटर से आत्मरक्षा कर रहे भाजपा नेता? प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों से घिरे प्रदेश अध्यक्ष

रांची (RANCHI): राजधानी रांची स्थित हरमू में झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब एक पत्रकार ने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश अध्यक्ष से सीधा सवाल कर दिया. पत्रकार ने दावा किया कि वायरल वीडियो में शशांक राज फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर टमाटर फेंकते दिखाई दे रहे हैं और इस पर भाजपा का पक्ष जानना चाहा.

सवाल के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वायरल वीडियो की पहले पूरी तरह जांच की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि संभव है कि घटना के दौरान आत्मरक्षा की स्थिति रही हो. हालांकि, पत्रकार ने तुरंत पलट सवाल किया कि आखिर टमाटर फेंकना आत्मरक्षा कैसे माना जा सकता है. इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि बिना वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच किए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा ने कांग्रेस और राज्य सरकार पर भी तीखे आरोप लगाए. प्रदेश अध्यक्ष का कहना था कि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय को निशाना बनाया गया. उनके मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय की ओर पत्थर, अंडे और टमाटर फेंके, जिससे कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के पास घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं. भाजपा ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद डीएसपी दिग्विजय सिंह ने निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई नहीं की. उनका कहना था कि पुलिस ने केवल भाजपा कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

प्रेस वार्ता में भाजपा ने NEET पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया. पार्टी का कहना था कि जिन भी भर्ती या प्रवेश परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए हैं, उनकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जानी चाहिए. भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विशेष जांच दल (SIT) के माध्यम से केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है. इसके साथ ही भाजपा ने घोषणा की कि प्रदेश कार्यालय पर हुए कथित हमले में घायल कार्यकर्ता कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे. वहीं वायरल वीडियो और प्रेस वार्ता के दौरान उठे सवालों के बाद पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है.