रांची (RANCHI): सोशल मीडिया पर आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या से जुड़ा एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. वायरल क्लिप में निशा भगत खुदकुशी से पहले अपनी बात रखती हुई नजर आ रही हैं. वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि उन पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं था और न ही किसी व्यक्ति का उन पर कोई प्रभाव था. वीडियो के शुरुआती हिस्से में वह फंदा तैयार करती दिखाई देती हैं. इसके बाद वह कैमरे के सामने अपनी बातें रखती हैं.
ऐसे में निशा भगत की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया और क्या इस घटना से जुड़े कोई अन्य पहलू भी हैं, इन सवालों का जवाब अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. वीडियो में उनके द्वारा दबाव नहीं होने की बात कहे जाने के बावजूद मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जरूरी मानी जा रही है. पुलिस और जांच एजेंसियों के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि घटना से पहले की परिस्थितियां क्या थीं और वीडियो में दर्ज बयानों का पूरे मामले से क्या संबंध है.
बताते चलें कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है. अब इस पूरे प्रकरण में CBI की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. दूसरे वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. इस मामले में अब वीडियो की सत्यता, उसमें दर्ज बयानों और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल किए जाने की जरूरत है.
