टीएनपी डेस्क(TNP DESK): धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ओडिशा के राउरकेला में झारखंड की बेटी एंजेल मेरीना तिर्की का भव्य स्वागत किया गया. पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ हुए इस स्वागत ने झारखंड और ओडिशा के आदिवासी समाज के बीच आपसी जुड़ाव की झलक दिखाई.
एंजेल मेरीना तिर्की, जिन्हें क्वीन ऑफ इंटरनेशनल टूरिज्म और झारखंड यूथ आइकन के नाम से जाना जाता है, सेक्टर-13 में आयोजित वीर बिरसा मुंडा जयंती समारोह में शामिल हुईं. इस दौरान उन्हें ‘मिस्टर एंड मिस राउरकेला-2026’ प्रतियोगिता में जज के रूप में आमंत्रित किया गया था. उन्होंने प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया.
युवाओं को दिया एकजुटता का संदेश
कार्यक्रम में एंजेल ने आदिवासी समाज से एकजुट रहने और अपनी पहचान और संस्कृति को बचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है. युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए. अपनी भाषा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आने का भी आह्वान किया.
राउरकेला के लोगों का जताया आभार
समारोह में मोनिका मुंडू, अर्जुन लकड़ा और मंटू छुरिया समेत कई गणमान्य लोग और कलाकार मौजूद रहे. कार्यक्रम में आदिवासी नृत्य, संगीत, कला और पारंपरिक वेशभूषा की झलक भी देखने को मिली.राउरकेला के लोगों से मिले सम्मान और प्यार के लिए एंजेल ने आयोजकों और स्थानीय लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का अपनापन हमेशा याद रहेगा. वह भविष्य में भी राउरकेला आकर सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करना चाहेंगी.